मधुसूदन दास की स्मृति में चर्चा परिचर्चा
“बिना उद्देश्य कोई काम नहीं होता, और बिना अनुशासन कोई काम नहीं होता”—यह कथन जीवन का सरल पर गहरा सत्य है। उद्देश्य हमें दिशा देता है, जबकि अनुशासन हमें उस दिशा में लगातार आगे बढ़ने की शक्ति देता है। यदि व्यक्ति के पास लक्ष्य ही नहीं है, तो उसके प्रयास बिखर जाते हैं। वह बहुत कुछ करता हुआ भी कहीं पहुँच नहीं पाता। वहीं, यदि लक्ष्य तो स्पष्ट हो, पर अनुशासन न हो, तो प्रयास अधूरे रह जाते हैं। सपने केवल सोच तक सीमित रह जाते हैं। अनुशासन का अर्थ केवल नियमों में बंधना नहीं, बल्कि स्वयं पर नियंत्रण रखना, समय का सम्मान करना और निरंतरता बनाए रखना है। यह वह शक्ति है जो छोटे-छोटे प्रयासों को बड़ी उपलब्धियों में बदल देती है।आज के समय में, जब बिखराव बहुत हैं,तब अनुशासन और भी आवश्यक हो जाता है। वही व्यक्ति आगे बढ़ता है जो अपने उद्देश्य को याद रखते हुए नियमित रूप से मेहनत करता है।अतः, सफलता के लिए केवल सपना देखना पर्याप्त नहीं—स्पष्ट उद्देश्य और दृढ़ अनुशासन, दोनों का संगम ही जीवन को सार्थक बनाता है।
- अलका पांडेय
मुंबई - महाराष्ट्र
किसी उद्देश्य को लेकर जब कार्य किया जायेगा तो वह सार्थक होगा और साथ ही साथ उसे अनुशासन में रहकर किया जायेगा तो वह सफल भी होगा। अत: किसी भी कार्य के लिए पूरी इच्छा शक्ति के साथ यानी दृढ़ संकल्प से हमें उद्देश्य लेकर काम में जुटना चाहिए और अनुशासन यानी उसके लिए जो आवश्यकताएं, शर्तें अथवा कानून-कायदे अर्थात नियमावलियां हैं उनका सजगता से निर्वहन किया जाना चाहिए। ऐसा होने पर ही हमारे काम में गुणवत्ता भी होगी और सफलता भी मिलेगी। क्योंकि जब मन लगाकर काम होगा तो निष्कर्ष भी मन का ही निकलेगा और तभी वह सार्थक भी होगा। बिना उद्देश्य के काम करना समय गंवाना के अलावा कुछ नहीं और बिना अनुशासन के काम करने का कोई अर्थ नहीं।
- नरेन्द्र श्रीवास्तव
गाडरवारा - मध्यप्रदेश
बिना अनुशासन नहीं होता काम”—ये पंक्तियाँ जीवन के दो मूल स्तंभों की ओर संकेत करती हैं। उद्देश्य हमें दिशा देता है, और अनुशासन उस दिशा में निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति। यदि किसी कार्य के पीछे स्पष्ट उद्देश्य न हो, तो वह केवल समय और ऊर्जा की खपत बनकर रह जाता है। उद्देश्य ही हमारे प्रयासों को अर्थ देता है—वह बताता है कि हम क्या करना चाहते हैं, क्यों करना चाहते हैं और कहाँ पहुँचना चाहते हैं। बिना उद्देश्य के जीवन एक ऐसी नाव की तरह हो जाता है, जिसका कोई किनारा निर्धारित नहीं होता। परंतु केवल उद्देश्य होना ही पर्याप्त नहीं है। उस उद्देश्य तक पहुँचने के लिए अनुशासन आवश्यक है। अनुशासन हमारे जीवन को व्यवस्थित करता है, हमें समय का सही उपयोग करना सिखाता है और कठिन परिस्थितियों में भी हमें अपने मार्ग से विचलित नहीं होने देता। यह वह शक्ति है, जो हमें “आज नहीं तो कल” की प्रवृत्ति से बाहर निकालकर “अभी और यहीं” कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। आज के युग में, जहाँ आकर्षण और विचलन बहुत अधिक हैं—जैसे मोबाइल, सोशल मीडिया और तात्कालिक सुख—वहाँ अनुशासन का महत्व और भी बढ़ जाता है। यह हमें इन भटकावों से बचाकर हमारे लक्ष्य पर केंद्रित रखता है। उद्देश्य और अनुशासन का संबंध शरीर और आत्मा की तरह है—एक के बिना दूसरा अधूरा है। उद्देश्य हमें सपने दिखाता है, और अनुशासन उन सपनों को साकार करता है। निष्कर्षतः, जीवन में सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य और दृढ़ अनुशासन दोनों आवश्यक हैं। जो व्यक्ति इन दोनों को संतुलित कर लेता है, वही अपने जीवन को सार्थक बना पाता है। अंत में—
“उद्देश्य से मिलती है दिशा, अनुशासन से गति,
दोनों संग हों जीवन में, तभी मिले सफलता की सृष्टि।”
- डाॅ.छाया शर्मा
अजमेर - राजस्थान
मधुसूदन दास की स्मृति में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मैं यह हृदय से मानता हूँ कि—"बिना उद्देश्य कोई नहीं होता काम, बिना अनुशासन नहीं होता काम"—यह केवल एक प्रेरक पंक्ति नहीं, बल्कि सफलता, राष्ट्रनिर्माण और व्यक्तित्व विकास का मूलमंत्र है।उद्देश्य जीवन को दिशा देता है। जिस व्यक्ति, समाज या राष्ट्र के पास स्पष्ट लक्ष्य नहीं होता, उसकी ऊर्जा बिखर जाती है। लक्ष्य ही वह दीपक है, जो अंधकारमय परिस्थितियों में भी मार्ग प्रशस्त करता है। मधुसूदन दास जैसे महान व्यक्तित्व ने अपने जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित किया और उसी के अनुरूप समाज, शिक्षा तथा राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया। किन्तु केवल उद्देश्य निर्धारित कर लेना ही पर्याप्त नहीं होता। उस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए अनुशासन अनिवार्य है। अनुशासन व्यक्ति की शक्ति को संगठित करता है, समय का सदुपयोग सिखाता है और कठिनाइयों के बीच भी निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। बिना अनुशासन के प्रतिभा भी दिशाहीन हो जाती है और परिश्रम भी निष्फल सिद्ध होता है। आज के युग में, जब अनेक लोग त्वरित सफलता की कामना करते हैं, तब यह संदेश और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है कि लक्ष्य और अनुशासन का समन्वय ही स्थायी उपलब्धियों का आधार है। यही वह सूत्र है, जो साधारण व्यक्ति को असाधारण बना देता है। अतः हमें अपने जीवन में स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित करते हुए अनुशासन को अपना स्थायी साथी बनाना चाहिए। यही मधुसूदन दास के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और यही हमारे उज्ज्वल भविष्य का पथ भी प्रशस्त करेगी।
- डॉ. इंदु भूषण बाली
ज्यौड़ियॉं (जम्मू) -जम्मू और कश्मीर
जीवन में कोई भी कार्य यूँ ही सफल नहीं हो जाता। हर काम के पीछे एक स्पष्ट उद्देश्य होना आवश्यक है। उद्देश्य ही वह दिशा देता है, जो हमें भटकने से बचाता है और हमारी ऊर्जा को सही मार्ग पर केंद्रित करता है। बिना उद्देश्य के किया गया प्रयास अक्सर अधूरा रह जाता है, क्योंकि उसमें न तो स्पष्टता होती है और न ही स्थिरता। किन्तु केवल उद्देश्य होना ही पर्याप्त नहीं है। उस उद्देश्य को साकार करने के लिए अनुशासन की आवश्यकता होती है। अनुशासन हमें निरंतरता सिखाता है, समय का मूल्य समझाता है और कठिनाइयों के बावजूद आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। बिना अनुशासन के व्यक्ति अपने लक्ष्य से भटक सकता है, चाहे उसका उद्देश्य कितना ही महान क्यों न हो। उद्देश्य हमें लक्ष्य देता है और अनुशासन उसे पाने का मार्ग। जब ये दोनों एक साथ चलते हैं, तब ही सफलता का द्वार खुलता है। इसलिए जीवन में यदि कुछ पाना है, तो पहले उद्देश्य स्पष्ट करें और फिर अनुशासन को अपना साथी बना लें।
- डॉ. अर्चना दुबे 'रीत'
मुंबई - महाराष्ट्र
किसी भी काम के लिए उद्देश्य अवश्य होना चाहिए. बिना उद्देश्य कोई काम नहीं होता. उद्देश्य से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है. उद्देश्य यानि मंजिल का निर्धारण, उद्देश्य नहीं होगा तो मंजिल का निर्धारण नहीं होगा, फिर काम कैसे होगा! उद्देश्य के बाद अनुशासन भी बहुत जरूरी है. कोई भी काम बिना अनुशासन के नहीं हो सकता. काम कब और कैसे करना है, यह अनुशासन निर्धारित करता है. सही दिशा में सतत काम चलते रहना ही अनुशासन है. अनुशासन के बिना काम समय पर नहीं हो सकता और उसमें असफलता की संभावना अधिक होती है. काम के लिए उद्देश्य और अनुशासन दोनों ही अत्यंत आवश्यक हैं, दोनों का तालमेल काम में सफलता का आधार है.
- लीला तिवानी
सम्प्रति - ऑस्ट्रेलिया
किसी भी कार्य के लिए उद्देश्य और अनुशासन होना तो बहुत जरुरी है। अनुशासन हमें स्वयं ही बनाना होता है। जबकि उद्देश्य प्रकृति (ईश्वरीय शक्ति) निर्धारित करती है और मानव भी। प्रकृति का अनुशासन स्वत: ही होता है, उसमें छेड़छाड़ का भयंकर परिणाम होता है। उद्देश्य की सफलता हमारे व्यक्तिगत आचरण,समय पालन,समर्पण और कर्मठता पर निर्भर होती है।वैसे मानव जीवन का उद्देश्य भगवत प्राप्ति ही है, जिसके लिए सदाचरण और सकारात्मक दृष्टिकोण संग अनुशासनपूर्ण जीवन अत्यावश्यक है। इसके साथ साथ नाम जप,भगवद् कीर्तन, साधना आदि के मार्ग निर्धारित किये गये हैं। इन पर चलते हुए नियम आदि का पालन कर अनुशासन रखकर, जीवन का उद्देश्य सहज ही प्राप्त किया जा सकता है।
- डॉ.अनिल शर्मा 'अनिल'
धामपुर - उत्तर प्रदेश
जब भी हम कोई कार्य करते है , उसका संबंध किसी वांछित उद्देश्य को पूर्ण करना होता है !! बिना किसी उद्देश्य के कोई काम नहीं होता !! ये अलग बात है कि उद्देश्य सबका भिन्न होता है , व किसी का उद्देश्य सकारात्मक हो सकता है , व किसी का नकारात्मक !! आजकल की दुनियां मैं जीविका चलाने हेतु कोई कमाता है , तो कोई अन्य समय व्यतीत करने के लिए अथवा मानसिक संतुष्टि के लिए !! इस उद्देश्य पूर्ति के लिए व्यक्ति को मर्यादित व अनुशासन पूर्वक कार्य करना चाहिए , जो आवश्यक है , पर कई लोग इसके विपरीत होते हैं !! राहें अच्छी हैं या बुरी , सब उनपर परिस्थिति के अनुसार चलते हैं ! उद्देश्यपूर्ति यदि अनुशासन में रहकर की जाए , तो सर्वहितकारी होती है , और मानसिक संतुष्टि भी प्रदान करती है !!
- नंदिता बाली
सोलन -हिमाचल प्रदेश
बिना विचारे जो करे,सो पछताए यह कहावत चरित्रार्थ है। बिना उद्देश्य से कोई काम नहीं करना चाहिए। बिना उद्देश्य कोई नहीं होता काम, बिना अनुशासन नहीं होता काम। वास्तविक रूप में सहजता के साथ देखा जा सकता है। अनुशासन भी अति आवश्यक प्रतीत होता है। नहीं गण सिर पर चढ़ने लग जाएगें। प्राय: होता है। उद्देश्य और अनुशासन एक सिक्के के दो पहलू है। ये दोनों साथ-साथ चले तो बड़े से बड़े काम हो जाते है.....
- आचार्य डाॅ.वीरेन्द्र सिंह गहरवार "वीर"
बालाघाट - मध्यप्रदेश
कोई काम हाथ में लें तो - - सर्व प्रथम उसका उद्देश्य समझें - - तदनंतर उसके लिये अनिवार्य अनुशासन आपके भीतर है या नहीं - - - स्वयं को तौलें। दुनिया की सबसे बड़ी सच्चाई है कि "मन के हारे हार है मन के जीते जीत"जब मन गवाही दे तभी उस उद्देश्य को पूरा करने का संकल्प लें और उसके लिये आवश्यक अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। सच है कि हर काम के पीछे कोई न कोई उद्देश्य होता ही है। अर्जुन को चिडिया की आँख का लक्ष्य भेदकर बाण चलाना था और लक्ष्य के प्रति संचेतना उसकी जीत का कारण बनी। तात्पर्य यही कि हर कार्य के उद्देश्य की गंभीरता को जाने समझें और तद्नुसार पूरे अनुशासन से - - पूरी मानसिक गंभीरता से पूरा करें। आप पायेंगे कि आपका यह स्वभाव परिवार में और समाज में और कार्य स्थल में एक अलग पहचान और सम्मान दिलायेगी। आपका उद्देश्य परक तरीका और अनुशासन आपकी अगली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक सिद्द होगा। कार्य सिद्धि की ललक आपकी पहचान बनेगी। इसीलिये संकल्प लें कि अपने उद्देश्य के लिये हर अनुशासन का पालन अवश्य करेंगे और समाज में एक मिसाल कायम करेंगे।
- हेमलता मिश्र " मानवी "
नागपुर - महाराष्ट्र
यह कथन बिल्कुल सत्य है कि उदेश्य और अनुशासन के बिना कोई काम नहीं होता क्योंकि सफलता और सार्क जीवन के लिए यह दोनों स्तंभ अनिवार्य हैं तो आईये आज इसी पर चर्चा करते हैं कि बिना उदेश्य कोई नहीं होता काम और बिना अनुशासन नहीं होता काम, मेरा मानना है कि किसी भी कार्य को पूरा उतारने के लिए उदेश्य और अनुशासन बहुत जरूरी है, अगर उदेश्य की बात करें तो उदेश्य ही हमें दिशा देता है और तय करता है कि आप जो कर रहे हैं वह किस लिए कर रहे हैं क्योंकि बिना उदेश्य के मेहनत दिशाहीन और ढीली पड़ जाती है, और यहाँ तक अनुशासन की बात है यह वो तपस्या है जो उदेश्य को आगे बढाने का कार्य करती है इसके बिना जीवन दिशाहीन हो जाता है इसके बिना सारे सपने चूराचूर होने लगते हैं तथा इसके बगैर असफलता ही हाथ लगती है कहने का भाव अनुशासन और उदेश्य ही जीवन में विकास ला सकता है आखिरकार यही कहुँगा कि अनुशासन और उद्देश्य का संगम ही जीवन में विकास ला सकता है तथा अनुशासन में रहना मानव विकास की एक उत्तम प्रक्रिया है जो मनुष्य को एक काबिल व सुखी व्यक्ति में परिवर्तित करता है यही नहीं जो काम अनुशासन में रह कर किये जा सकते हैं वोही लम्वे समय तक टिकते हैं और उच्च गुणवत्ता वाले होते हैं इसलिए बिना उदेश्य कोई भी काम सम्पूर्ण नहीं होता और अगर अनुशासन को भी साथ जोड़ दिया जाए तो वोही काम अपनी गुणवत्ता चार गुणा दर्शाता है यह सत्य है कि अनुशासन का उद्देश्य मन को सकारात्मकता, रचनात्मकता और आत्म नियंत्रण से जोड़ना है यह केवल दंड नहीं बल्कि एक ऐसा शिक्षण है जो अच्छे निर्णय लेने लक्ष्य प्राप्त करने और व्यवहार में सुधार के लिए व्यक्ति को प्रेरित करता है यह समय की सही व्यवस्था, स्थिरता और सफलता की नींव है।
- डॉ सुदर्शन कुमार शर्मा
जम्मू - जम्मू व कश्मीर
मेरी राय में “बिना उद्देश्य कोई नहीं होता काम, बिना अनुशासन कोई नहीं होता काम” यह केवल एक पंक्ति नहीं, बल्कि इसमें जीवन का गहरा सत्य छिपा है। किसी भी कार्य की सफलता दो आधारों पर टिकी होती है—उद्देश्य और अनुशासन। उद्देश्य हमें यह बताता है कि हमें क्या करना है, क्यों करना है और कहाँ पहुँचना है। यदि जीवन में लक्ष्य ही स्पष्ट न हो, तो मनुष्य की मेहनत दिशाहीन हो जाती है। वह चलता तो है, पर पहुँच कहीं नहीं पाता। उद्देश्य जीवन को दिशा देता है, प्रेरणा देता है और भीतर उत्साह जगाता है। लेकिन केवल उद्देश्य होना ही पर्याप्त नहीं है। यदि लक्ष्य सामने हो और उसे पाने का संकल्प भी हो, पर जीवन में अनुशासन न हो, तो सफलता अधूरी रह जाती है। अनुशासन वह शक्ति है, जो व्यक्ति को निरंतर आगे बढ़ना सिखाती है। यह हमें समय का मूल्य समझाता है, आलस्य से दूर रखता है और कठिनाइयों के बीच कर्मपथ पर चलना सिखाता है। अनुशासन के बिना प्रतिभा भी बिखर जाती है, जबकि अनुशासन साधारण व्यक्ति को भी असाधारण बना देता है।उद्देश्य हमें सपने देता है और अनुशासन उन सपनों को साकार करने की क्षमता। उद्देश्य दिशा है, अनुशासन गति है। उद्देश्य दीपक है, तो अनुशासन उसकी लौ। दोनों का साथ ही जीवन को सार्थक और सफल बनाता है। इसलिए मेरा मानना है कि जीवन में यदि कुछ पाना है, कुछ बनना है और कुछ कर दिखाना है, तो पहले उद्देश्य स्पष्ट होना चाहिए और फिर उसे पाने के लिए अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। यही सफलता का सच्चा मंत्र है।
- नूतन गर्ग
दिल्ली
मानव जीवन की हर अवस्था में प्रत्येक कार्य किसी न किसी उद्देश्य से जुड़ा होता है बाल्यावस्था में बच्चों को संस्कारिक सामाजिक तथा तन मन से उनको स्वस्थ रखना हर माता-पिता का उद्देश्य होता है। वहीं विद्यार्थी से युवावस्था तक अच्छे अंक प्राप्त करके अच्छे कैरियर तक पहुंचना उद्देश्य होता है आगे के जीवन में भी नौकरी के दौरान या फिर गृहस्थ धर्म या समाज सेवा या राजनीतिक पद पाने या पूर्णत: संत का जीवन जीना इन सभी कामों के उद्देश्यों में सफलता हेतु अनुशासन भी अति महत्वपूर्ण और अनिवार्य कारक है जो कि जीवन नियमों का पालन, स्वयं का नियंत्रण, समय का सदुपयोग, परिश्रम का महत्व के साथ साथ व्यवस्थित कार्य करने के प्रति जागरूक रखता है। अतः जिस प्रकार उद्देश्य के बिना जीवन निरर्थक, ,अस्पष्ट ,असंतुष्ट, आत्मविकास से दिग्भ्रमित स्थिति में प्रत्येक कार्य अपूर्ण अपरिपक्व होता है। इसी प्रकार बिना अनुशासन के भी कार्य निराशाजनक ,अपूर्ण, महत्वहीन असफलतादायक होता है।अतः प्रत्येक कार्य के लिए उद्देश्य और अनुशासन एक दूसरे के पूरक हैं।
- डाॅ.रेखा सक्सेना
मुरादाबाद - उत्तर प्रदेश
बिना उद्देश्य का कोई काम नहीं होता है. हर काम का कोई न कोई उद्देश्य होता है. उद्देश्य हीन कर्म अकर्म हो जाता है. इसलिए हर काम का उद्देश्य होना चाहिए. तभी काम सफल होता है. और साथ ही साथ काम में अनुशासन होना चाहिए. यदि काम में अनुशासन न हो तो उसकी सफलता में देरी हो सकती है या उसकी सफलता पर संदेह के बादल मंडराने लगते हैं. इसलिए हर काम का कोई न कोई उद्देश्य अवश्य होना चाहिए. और उस काम में अनुशासन जरूर होना चाहिए तभी काम सफल होगा और होता है.
- दिनेश चंद्र प्रसाद "दीनेश "
कलकत्ता - पश्चिम बंगाल
उद्देश्य ही जीवन को नई दिशा देता है। बिना मंज़िल जाने निकल पड़े ,तो रास्ता भटकना तय है। उद्देश्य वो चिंगारी है जो काम को मतलब देती है, वरना मेहनत भी सिर्फ थकान बन जाती है।जिस तरह तरह साहित्य साधना का तप है जो उद्देश्य समाज दिशा सुधारक हमारी लेखनी सम्मानित गौरव की पहचान बनाती है हमारा आत्मलोकन मूल्यांकन पाठकों की समीक्षा से हो !जिसके लिये हम निरंतर प्रयासरत हो ,बिना अनुशासन नहीं होता काम और अनुशासन वो ईंधन है जो चिंगारी को आग बनाता है। रोज़ थोड़ा-थोड़ा, सही वक़्त पर, सही तरीके से करना ही बड़े नतीजे लाता है। जोश 2 दिन का होता है, अनुशासन सालों का नतीजा देता है।उद्देश्य: क्यों करना है? अनुशासन: कैसे करना है? ये सिखाएगा। कर्म: करना तो पड़ेगा ही ये दोनों के बिना अधूरा है। कृष्ण अर्जुन को भी लक्ष्य दिखता था और गांडीव पर पकड़ कसी हुई थी। एक के बिना दूसरा बेकार।आपकी बातों में ज़िंदगी का पूरा फलसफा है। आजकल किस उद्देश्य के लिए अनुशासन साध रहे हैं !
- अनिता शरद झा
रायपुर - छत्तीसगढ़
" मेरी दृष्टि में ” उद्देश्य सब से बड़ा होता है। उसके बाद कर्म का निर्धारण होता है। अनुशासन जैसे नियमों का पालन करते हुए ही कर्म को पूरा किया जाता है। जिससे उद्देश्य की पूर्ति होती है।
Comments
Post a Comment